हाउसिंग बोर्ड की टंकियों की सफाई नहीं होने से कालोनी के हजारों लोगों के स्वास्थ्य को खतरा; 3 टंकियों की सफाई नहीं, एक में सीढ़ी नहीं, दो जर्जर
बिलासपुर/ हाउसिंग बोर्ड की मंगला काॅलोनी की तीन टंकियों की सफाई नहीं हो पा रही है। कारण एक टंकी तक पहुंचने हाउसिंग बोर्ड ने सीढ़ी ही नहीं बनाई। बिना सीढ़ी के टंकी कैसे बना दी गई? दो टंकियों की सीढ़ियां जर्जर हो गई हैं। इसके सुधार के बिना टंकी के अंदर पहुंच कर किसी भी प्रकार के मेंटेनेंस का कार्य करना जानलेवा साबित हो सकता है। दूसरी तरफ सालों से टंकियों की सफाई नहीं होने से कालोनी के हजारों लोगों का स्वास्थ्य सुरक्षित नहीं माना जा सकता।
टंकियों के अंदर जलीय बैक्टीरिया और काई आदि से बचाव के लिए नियमित सफाई कराई जानी चाहिए। जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए राज्य शासन ने सभी निकायों को 6-6 माह में पानी टंकियों की सफाई कराने के निर्देश दिए हैं। नगर निगम इस पर अमल कर रहा है।
मंगला की टंकी की शिकायत मिलने पर नगर निगम इंजीनियर मौके पर पहुंचे तब पता चला कि सीढ़ियों की समस्या है। नगर निगम ने जब हाउसिंग बोर्ड से काॅलोनी का हैंडओवर लिया तब वहां की व्यवस्थाओं, कमियों आदि का निरीक्षण नहीं किया गया। समस्या पता चलने पर नगर निगम अब हाउसिंग बोर्ड को पत्र लिख रहा है। टंकी की सफाई जरूरी है, ताकि लोगों का स्वास्थ्य सुरक्षित रहे।
टंकी की सफाई कराई जाएगी "नगर निगम एरिया के अंतर्गत आने वाली 52 पानी टंकियों की सफाई का ठेका दिया गया है। हाउसिंग बोर्ड, मंगला काॅलोनी के अंतर्गत 5 टंकियां आती हैं। काॅलोनी हैंड ओवर हो गई है, इसलिए इनकी भी सफाई कराई जाएगी। हाउसिंग बोर्ड को 3 टंकियों के मेंटेनेंस, सीढ़ियों के सुधार के लिए लिखा जा रहा है।" -अजय श्रीवासन , ईई, नगर निगम

टिप्पणियाँ