निर्धारित समय से 22 महीने और अधिक होने के बाद भी हेमचंद यादव विश्वविद्यालय का भवन नहीं बन पाया है; रूसा ने लोक निर्माण विभाग को नोटिस भेजा
भिलाई/ हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के भवन का निर्माण निर्धारित समय से 22 महीने अधिक होने के बाद भी पूरा नहीं हो पाया है। वहीं इन दिनों भवन निर्माण का काम रुका हुआ है। इस पर राष्ट्रीय उच्चत्तर शिक्षा मिशन (रूसा) ने लोक निर्माण विभाग को नोटिस भेजकर 10 दिन के भीतर जवाब मांगा है। यह कार्रवाई दैनिक भास्कर के 11 फरवरी के अंक में दो साल से काम रुका हुआ शीर्षक से खबर प्रकाशित होने के बाद रूसा ने यह कार्रवाई की है।
रूसा से जारी पत्र में कहा गया है कि हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के निर्माण की प्रशासकीय स्वीकृति पहले ही दी चुकी थी। समय-समय पर इसकी राशि भी दी गई। जिसके खर्च होने का ब्यौरा भी लोक निर्माण विभाग से रूसा को लगातार भेजा जाता रहा। इस्टीमेट के अनुसार रकम दी जा चुकी है, फिर भी काम पूरा नहीं किया जा सका, इसका कारण क्या है? इन दिनों काम क्यों रुका हुआ है? फिर से काम कब शुरू कर रहे हैं और काम कब तक पूरा हो जाएगा?
पुराने भवन में चल रहा प्रशासनिक कार्य
विवि का इन दिनों करीब 45 साल पुराने महिला महाविद्यालय के भवन में प्रशासनिक कार्य चल रहा है। यह भवन काफी जर्जर हो चुका है। दीवारों और छज्जों में दरारें हैं। बारिश की सीलन भी दीवारों से हटा नहीं है। पिछले दिनों परीक्षा विभाग के सामने छज्जे का मलबा गिर गया था। इससे बड़ा हादसे होते-होते बचा है। इन सारी बातों को ध्यान में रखते हुए नोटिस भेजकर जवाब मांगा गया है।

टिप्पणियाँ