सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

जल संसाधन संभाग रामानुजगंज के एसडीओ और इंजीनियर पर 2021-22 दौरान कराए गए फर्जी सर्वेक्षण दस्तावेज के आधार पर दो करोड़ से अधिक की राशि गबन का मामला

अंबिकापुर/ जल संसाधन संभाग क्रमांक दो रामानुजगंज के एसडीओ और इंजीनियर पर दो करोड़ से अधिक की राशि का फर्जी दस्तावेज के आधार पर गबन का आरोप लगा। इसकी शिकायत पुलिस से की गई। पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया तो परिवाद कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने एसडीओ और इंजीनियर के खिलाफ केस दर्ज करने का आदेश पुलिस को दिया है। अधिवक्ता व आरटीआई कार्यकर्ता डीके सोनी ने बताया कि जून 2022 में एक शिकायत थाना में की थी।

इसमें बताया था कि कार्यस्थल का निरीक्षण कार्यपालन अभियंता जल संसाधन संभाग क्रमांक 2 रामानुजगंज द्वारा किया गया, जिससे पता चला कि 2021-22 के दौरान कराए गए सर्वेक्षण का कार्य फर्जी और गुणवत्ताविहीन है। कार्यस्थल पर किसी भी तरह का कोई चिन्ह नहीं है।

सिर्फ अनुविभागीय अधिकारी व उप अभियंता द्वारा कागजों में फर्जी तरीके से कार्य अंकित कर संबंधित एजेंसियों के नाम पर फर्जी भुगतान कराया गया है, लेकिन उप अभियंता सुजीत कुमार गुप्ता व अनुविभागीय अधिकारी राजेंद्र प्रसाद सिंह के विरुद्ध प्रथम सूचना पत्र दर्ज नहीं करने के कारण परिवाद पेश किया गया।

इसमें बताया कि राजेन्द्र प्रसाद सिंह व सुजीत गुप्ता और अन्य लोगों ने संयुक्त रूप से फर्जी दस्तावेजों का सहारा लेकर अपने कुछ लोगों को अपने साथ मिलाकर शासन का दो करोड़ का फर्जी तरीके से आहरण किया गया। इस पर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी पंकज आलोक तिर्की ने संबंधित के खिलाफ 7 दिन में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर जांच कर अंतिम प्रतिवेदन न्यायालय में प्रस्तुत करने आदेश दिया है।

टिप्पणियाँ