सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

2 हजार प्रति नग वाले 70 वाट का एलईडी लगवा दिया; टेंडर में एजेंसी को 120 वाट का एलईडी था लगाना, 70 वाट की एलईडी की कीमत निगम ने 20,579 की दर से भुगतान किया


भिलाई. खुर्सीपार के अंडा चौक से कैनाल रोड के मध्य लगाए गए बिजली पोल को डिवाइडर से निकालकर किनारे शिफ्ट किया जा रहा है। इस काम के दौरान जब पोल के साथ एलईडी नीचे तक आया, तब हकीकत से पर्दा उठा। यहां निगम के अधिकारियों का कारनामा देखने को मिला। पोल में लगे एलईडी के वाट को देखने से साफ हुआ कि 70 वाट का एलईडी लगाया गया है। निगम के टेंडर में एजेंसी को 120 वाट का एलईडी लगाना था। इस आधार पर ही निगम के अधिकारियों ने भुगतान भी किया है। काम के दौरान या पूरा होने के बाद ठेकेदार ने निविदा की शर्तों के मुताबिक काम किया है या नहीं। इसे भी देखा नहीं गया।


पांच हजार के लायक भी नहीं है एलईडी
एलईडी 5 हजार रुपए के लायक भी नहीं है। इसका दर 2 हजार प्रति नग के आसपास बैठ रहा है। इसे निगम के अधिकारियों ने 20-20 हजार से अधिक दर पर लगवाया है। निविदा के मुताबिक ठेका एजेंसी ने एक बिजली पोल में करीब 41 हजार की दो एलईडी लाइट लगवाई है। 70 वाट की एलईडी की कीमत निगम ने 20,579 की दर से भुगतान किया है।
पोल को अब लगा रहे आड़ा
खुर्सीपार से अंडा चौक के मध्य सड़क में लगे 15 बिजली पोल में से 10 पोल डिवाइडर में लगाए गए हैं। इन बिजली पोल को डिवाइडर से निकालकर अब सड़क के किनारे लगाने का काम किया जा रहा है। डिवाइड में होने की वजह से 10 बिजली पोल में 20 एलईडी लगाए थे। अब वह सड़क की ओर से हटकर दोनों किनारे में हो गए हैं। निगम के अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं होने की वजह से कर्मी जैसे मन में आ रहा है, वैसे इसे लगा रहे हैं। 5 पोल की लाइट सड़क की ओर और 10 पोल की दोनों किनारे में लगा दी गई है। इन 25 एलईडी के एवज में निगम के अधिकारियों ने 5,14,475 रुपए का भुगतान किया है।
टेंडर निकाला 19 लाख का
14 वें वित्त आयोग के तहत नगर पालिक निगम, भिलाई ने जोन-4 में होने वाले इस काम की निविदा 19 लाख में निकाली थी। इसे ठेकेदार ने कम दर पर 17,94,360 रुपए में लिया। इस रेट को टेंडर कमेटी के सामने पेश किए। टेंडर कमेटी ने दो निविदाकारों के दर को खोला। एल-1 के आधार पर मेसर्स अन्नपूर्णा फर्नीचर एण्ड बिल्डिंग कंट. को स्वीकृति योग्य माना।
एक पोल लगाया गया 13,304 रुपए का
निगम के अधिकारियों ने 15 पोल लगवाया है। इसमें एक पोल 9 मीटर ऊंचा और 3 एमएम थिकनेस का है। एक पोल की कीमत 13304 रुपए दर्शाई गई है। इस तरह से 15 पोल 1,99,560 रुपए की है।
खामियां मिली तो की जाएगी कार्रवाई
रोहित व्यास, आयुक्त, नगर पालिक निगम, भिलाई ने बताया कि खुर्सीपार से अंडा चौक के मध्य लगाए गए पोल और एलईडी मामले की जांच करवा रहे हैं। खामियां मिली तो कार्रवाई की जाएगी।
x

टिप्पणियाँ