"लव जिहाद रोकने के लिए एक हिंदू लड़की के बदले 10 मुस्लिम लड़कियां फंसाएं, नौकरी और सुरक्षा हम देंगे" कहा - श्रीराम सेना प्रमुख प्रमोद मुतालिक ने
कलबुर्गी/ कर्नाटक में श्रीराम सेना प्रमुख प्रमोद मुतालिक ने लव जिहाद पर विवादित बयान दिया है। बागलकोट में शिवाजी महाराज की जयंती पर एक आयोजन हुआ, जिसमें प्रमोद वहां मौजूद युवाओं से कहा कि लव जिहाद को रोकने के लिए मुस्लिम लड़कियों को प्यार में फंसाने कहा।
इतना हीं नहीं उन्होंने कहा कि ऐसा करने वाले लोगों की नौकरी और सुरक्षा की जिम्मेदारी भी श्रीराम सेना उठाएगी। प्रमोद मुतालिक के विवादित बयान का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
प्रमोद के बयान की खास बातें...
1. अपनी रक्षा के लिए घर में तलवार रखें: वीडियो में प्रमोद कन्नड़ में कह रहे हैं- हमारी लड़कियों को ठग कर लव जिहाद को अंजाम दिया जा रहा है। अगर वे हमारी एक लड़की से शादी करते हैं, तो हिंदू युवक उनकी 10 लड़कियों को फंसाएं। ऐसा करने वालों की नौकरी और सुरक्षा की जिम्मेदारी श्रीराम सेना उठाएगी। हमारी परंपराओं में अपनी रक्षा के लिए हर किसी के घर तलवार होनी चाहिए। अगर पुलिस पूछे तो कहना मां दुर्गा के हाथ में भी तलवार है।
2. गो-हत्यारों से कोई समझौता नहीं- मुतालिक: प्रमोद ने यह भी कहा कि हमारे त्योहार आते हैं तो पुलिस कहती है डीजे मत चलाओ। क्या उनकी मस्जिदों से स्पीकर हटवाए। हमें गो माता को बचाने के लिए किसी से समझौता करने की जरूरत नहीं। राज्य में धर्मांतरण निषेध अधिनियम लागू है, लेकिन धर्मांतरण बंद नहीं हुआ है।
3. करकला से चुनाव लड़कर मैं मोदी विचारधारा लाऊंगा: प्रमोद ने कहा, "करकला में मेरा मुकाबला बीजेपी के खिलाफ नहीं है। मेरा संघर्ष उन भ्रष्टाचारियों के खिलाफ है, जिन्होंने हिंदू विचारधारा को खराब किया है। हमारे आदर्श नरेंद्र मोदी हैं। मैं करकला में उनकी विचारधारा को सामने लाने के लिए आया हूं।"
4. हिंदुत्व पर बोला तो अपने लोगों से लड़ना पड़ा: मुतालिक ने कहा कि अब तक उनके खिलाफ 109 मामले दर्ज किए गए जा चुके हैं। ज्यादातर भाजपा शासन में हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि हिंदुत्व पर अपनी बात रखने के लिए उन्हें अपने ही लोगों का सामना करना पड़ा।
शिवसेना छोड़कर बनाई थी श्रीराम सेना
प्रमोद मुतालिक श्रीराम सेना की मूल संस्था राष्ट्रीय हिंदू सेना के प्रमुख हैं। 2004 में बजरंग दल के सदस्य थे। बजरंग दल से निकाले जाने के बाद शिवसेना की कर्नाटक इकाई का गठन किया। उन्होंने बेलगाम सीमा विवाद को लेकर शिवसेना छोड़ दी और फिर श्रीराम सेना का गठन किया।
हमेशा विवादों में घिरे रहते हैं प्रमोद मुतालिक
2009 में मैंगलोर पब में हुए हमले में मुतालिक का नाम सामने आया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक मुतालिक के खिलाफ अलग-अलग मामलों में करीब 45 केस दर्ज हैं। मुतालिक की भड़काऊ भाषण देने के मामले में गिरफ्तारी भी हो चुकी है। 2010 में मुतालिक को युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के गुस्से का भी शिकार होना पड़ा था।
दरअसल, 2010 में मुतालिक वैलेंटाइन डे का विरोध करने बेंगलुरु की सड़कों पर उतरे, लेकिन यह उनको भारी पड गया। युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने उनके मुंह पर सरेआम कालिख पोत दी थी।

टिप्पणियाँ