HMIS रिपोर्ट के अनुसार- हिमाचल में अधिक पढ़े-लिखे लोगों वाले जिले में लिंगानुपात ज्यादा खराब, देश में मिजोरम की 994 लिंगानुपात के साथ सबसे बेहतर; देश में 2021-22 में लिंगानुपात और गिरा
शिमला/हिमाचल में जन्म के समय लिंग अनुपात (SRB) के चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के हेल्थ मैनेजमेंट इनफोर्मेशन सिस्टम (HMIS) की एक रिपोर्ट के अनुसार, 2021-22 में प्रदेश में SRB 941 तक गिरा है, यानी प्रति 1000 बेटों के पीछे 941 बेटियां ही पैदा हुई हैं।
राष्ट्रीय औसत 934 की तुलना में हिमाचल की SRB की बेहतर है, लेकिन 2011 के जनगणना आंकड़ों से तुलना करें तो यह काफी खराब है। 2011 के जनगणना आंकड़ों में हिमाचल में प्रति 1000 पुरुष 972 महिलाएं थीं, जो 2021-22 में जन्म लेने वालों बच्चों में 941 रह गई।
स्वास्थ्य महकमे को आंखें खोलने की जरूरत
HMIS की रिपोर्ट राज्य के स्वास्थ्य महकमे और प्रदेश सरकार की आंखें खोलने के लिए काफी है। रिपोर्ट के बाद इस संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता कि प्रदेश में जन्म से पहले बेटियों को मारा जा रहा है। यह रिपोर्ट इशारा कर रही है कि आज भी लिंग जांच के बाद गर्भपात हो रहे हैं।
PNDT एक्ट का सख्ती से पालन सुनिश्चित हो: बिष्ट
हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी के पूर्व प्रोफेसर एनएस बिष्ट ने बताया कि प्रदेशवासियों को भी बेटियों के प्रति अपनी सोच बदलनी होगी। उन्होंने बताया कि हिमाचल में जिन जिलों में साक्षरता ज्यादा वहां SRB ज्यादा खराब है, जिन ग्रामीण इलाकों में साक्षरता कम है। वहां आज भी SRB अच्छा है। सरकार को चाहिए कि प्रदेश में पूर्व प्रसव पूर्व निदान तकनीक (PNDT) एक्ट 1994 को सख्ती से लागू किया जाए।
हिमाचल के साथ-साथ उत्तरी राज्यों में भी स्थिति खराब
HMIS रिपोर्ट के अनुसार हिमाचल के साथ-साथ उत्तरी राज्यों और केंद्र शासित (UT) प्रदेशों में भी जन्म के समय लिंग अनुपात (SRB) अच्छा नहीं है। दादरा हवेली एंड दमन एंड दीव 889 SRB के साथ सबसे निचले पायदान पर हैं।
मिजोरम में बच्चों का लिंग अनुपात सबसे उम्दा
देश में मिजोरम की SRB 994 के साथ सबसे बेहतर, दूसरे पायदान पर 981 के साथ सिक्किम, 968 की SRB के साथ केरल तीसरे स्थान, अंडमान निकोबार 963 की SRB के साथ चौथे और छत्तीसगढ़ 960 की SRB के साथ 5वें नंबर पर है।

टिप्पणियाँ