सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

एक ही दिन परिवार में सास-बहू की मौत एक साथ, बहू को सास के मरने की खबर से लगा सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाई और हो गई मौत

खरसिया/ नगर में मंगलवार की शाम बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। महिला की बहू ने जब यह समाचार सुना तो वह सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाई और उसकी मौत हो गई। एक ही दिन परिवार में सास-बहू की मौत से आसपास के लोग सदमे में हैं। बुधवार दोपहर पर गमगीन माहौल में दोनों की अंत्येष्टि एक साथ की गई। खरसिया के भांटा में स्थित साहू स्टील एंड फेब्रिकेशन के संचालक हितेश साहू की मां रूप कुंवर की तबीयत कुछ दिनों से खराब थी।

उन्होंने रायगढ़ के एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया था। मंगलवार रात 11.30 बजे उनका निधन हो गया। अस्पताल में देखरेख कर रहे लोगों ने जैसे ही यह अशुभ समाचार परिवार के लोगों को बताया रूप कुंवर के पुत्र भानू लाल साहू की पत्नी मायादेवी को सास की मौत का सदमा लगा और उनकी सांस रुक गई। परिवार को जानने वालों ने बताया कि दोनों सास-बहू के बीच औपचारिक संबंध से अलग गहरा प्रेम था।

बुधवार को अंत्येष्टि गांव में ही की गई। सास-बहू की चिता पास में ही लगाई गई। सैकड़ों की संख्या में पहुंचे लोगों की आंख नम दिखी। रूपकुंवर हितेश, रामलाल और जिला विपणन कार्यालय खरसिया के कम्प्यूटर ऑपरेटर मुकेश साहू की मां थीं।

टिप्पणियाँ