प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क निर्माण कार्यों में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी, ठेकेदारों व अफसर की मिलीभगत; गैती-फावड़े से सड़क खुदवाकर कलेक्टर ने की जाँच
कवर्धा/ कबीरधाम जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत चल रहे सड़क निर्माण कार्यों में ठेकेदारों से मिलीभगत कर अफसर बड़े पैमाने पर गड़बड़ी कर रहे हैं। यह गड़बड़ी उस वक्त खुलकर सामने आई, जब कलेक्टर ने खुद मौके पर गैती- फावड़े से निर्माणाधीन सड़क को खुदवाकर इसकी जांच की। गड़बड़ी का पता लगने पर पीएम ग्राम सड़क के एसडीओ त्रिवेणी गजेंद्र और सब- इंजीनियर अश्वनी ठाकुर को नोटिस जारी किया है। मामला ग्राम पंचायत इंदौरी के नहर मुख्य मार्ग से खपरी पहुंच मार्ग तक चल रहे सड़क पैचवर्क (मरम्मत) कार्य की है।
इस सड़क के पैचवर्क के लिए 60 लाख रुपए स्वीकृत हुआ है। इस सड़क पर डामरीकरण की औसत मोटाई 20 एमएम होना चाहिए था, लेकिन पीएम ग्राम सड़क के अफसरों ने ठेकेदार से मिलीभगत कर 10 एमएम की परत ही बिछवा दी। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने करीब 1 किलोमीटर पैदल चल कर डामरीकरण से पहले सड़क पर बिछाई जा रही डामर कांक्रीट की लेयर की जांच की। जिन स्थल पर डामर की मोटाई कम मिली है, इसके लिए एसडीओ व सब- इंजीनियर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।
कवर्धा से भोरमदेव तक 13 किलोमीटर डामरीकरण पूरा
राज्य सरकार द्वारा लोक निर्माण विभाग के कवर्धा से भोरमदेव मार्ग का नवीनीकरण कार्य के लिए 695.30 लाख की मंजूरी दी है। मार्ग नवीनीकरण का कार्य जारी है। मार्ग की कुल लम्बाई 14 किलोमीटर में से 13 किलोमीटर का डामरीकरण का कार्य पूरा होने का दावा किया जा रहा है। वहीं वनांचल क्षेत्र में केजेदाह से बनखैरा तक 5.2 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण के लिए 625 लाख से डामरीकरण किया जा रहा है। इसमें छोटी- बड़ी कुल 15 पुल-पुलिया का निर्माण कर लिया गया है।
जहां कहीं भी खामियां है उसे ठीक कराने ईई को दी हिदायत
निर्माणाधीन सड़क की जांच में खामियां मिलने पर कलेक्टर खासे नाराज हुए। उन्होंने पीएम ग्राम सड़क के ईई को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर सड़कों में मिली खामियों को ठीक कराने की हिदायत दी है। इससे पहले कलेक्टर ने पीएम ग्राम सड़क के मुख्य मार्ग से घोंघा पहुंच मार्ग में हुए सड़क डामरीकरण और सीसी सड़क के कार्यों का जायजा लिया। कलेक्टर ने सड़क निर्माण कार्य पूरा होने के बाद साइड शोल्डर का काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
लोनिवि सड़क के काम से संतुष्ट दिखे
कलेक्टर ने शनिवार को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के दो सड़क भोरमदेव पहुंच मार्ग और केजेदाह से बनखेरा पहुंच मार्ग में चल रहे प्रगतिरत सड़क कार्यों का जायजा लिया। कलेक्टर ने सड़कों की गुणवत्ता जांच के लिए केजेदाह मार्ग की मौके पर गैती- फावड़े से सड़क की खोदाई कराई। मानकों के अनुरूप सड़क की मोटाई और बोल्डर मुरूम की लेयर की जांच की। लोक निर्माण की सड़क सही पाई गई, जिससे कलेक्टर संतुष्ट दिखे।
समय सीमा में काम पूरा करने निर्देश दिए
निर्माणाधीन सड़कों के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्धारित समय पर गुणवत्ता के साथ सड़क का काम पूरा करने निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने ईई और एसडीओ को नियमित रूप से कार्यों की मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिपं सीईओ संदीप अग्रवाल, पीडब्लूडी कार्य. अभियंता, पीएम ग्राम सड़क कार्यपालन अभियंता मौजूद रहे।

टिप्पणियाँ