रायपुर. तालाब किनारे कार खड़ी करके पार्टी करने की कीमत दो युवकों को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। तीन युवक कार के भीतर पार्टी कर रहे थे। अचानक कार स्टार्ट हो गई और ढलान पर लुढ़कते हुए सीधे तालाब में जा डूबी। इससे कार सवार दो युवकों की मौत हो गई। पानी में डूबने के बाद दोनों युवक कार से बाहर ही नहीं निकल पाए। इससे उनकी मौत हो गई। एक युवक घटना से पहले बाहर निकल गया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन से कार को बाहर निकाला। इसके बाद दोनों युवकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के मुताबिक गोंदवारा निवासी प्रवीण सिंह (30), भूषण ध्रुव (30) और गोविंद सिंह तीनों अपनी आई-10 कार सीजी 17 सी 3716 से रविवार तड़के करीब 3.30 बजे शीतला तालाब पहुंचे। कार को तालाब के पार पर खड़ी करके तीनों पार्टी करने लगे। इस बीच गोविंद का फोन आया। वह कार गियर में डालकर बाहर निकल गया और मोबाइल में बात करते हुए थोड़ी दूर चला गया। कार के भीतर बैठे प्रवीण और भूषण से कार स्टार्ट हो गई। स्टार्ट होते ही कार तालाब की ओर ढलान पर आगे बढ़ गई। दोनों कार के भीतर से आवाज लगाने लगे, तो उन पर गोविंद की नजर पड़ी। गोविंद कार को रोकने पीछे भागा। इससे पहले की वह कुछ कर पाता, कार तालाब में जा घुसी। पानी में जाते ही कार बंद हो गई। कार धीरे-धीरे और गहराई में डूब रही थी।
गोविंद कार को डूबने से रोकने की कोशिश करने लगा, लेकिन सफल नहीं हुआ। वह मदद के लिए भागकर बस्ती की ओर गया। वहां से लोगों को लेकर फिर तालाब में पहुंचा। इसमें करीब 10-15 मिनट लग गए। उस समय तक काफी देर हो चुकी थी। कार पानी में पूरी तरह डूब चुकी थी। केवल पीछे की लाइट ही दिख रही थी। कार के भीतर प्रवीण और भूषण फंसे हुए थे। दोनों कार का दरवाजा नहीं खोल पाए थे। दोनों बेसुध हो चुके थे। आशंका जताई जा रही है कि पानी में जाते ही कार बंद हो गई। इससे दरवाजे का लॉक भी नहीं खुल पाया। कार में पानी भरने से दोनों का दम घुट गया। घटना की सूचना पर खमतराई पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद कार को निकालने के लिए क्रेन बुलाई गई। क्रेन से कार को बाहर निकाला गया। प्रवीण और भूषण कार के भीतर फंसे थे। दोनों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना में लिया है।
गोविंद ही जानता था कार ड्राइव करना
पुलिस के मुताबिक गोविंद ही कार चलाना जानता था और वही कार चलाकर वहां तक ले गया। देर रात तक तीनों तालाब किनारे ही कार के भीतर खाना-पीना कर रहे थे। इस बीच गोविंद मोबाइल में बात करने के लिए कार से बाहर निकल गया था। कार तालाब के किनारे जहां खड़ी थी, उससे थोड़ी दूर से ढलान शुरू होती है। गोविंद करीब दो मिनट ही मोबाइल में बात कर पाया होगा, उसी दौरान कार स्टार्ट होने की आवाज आई। वह पीछे मुड़कर देखा, तो कार तालाब के ढलान पर आगे बढ़ रही थी। वह दौड़कर पीछे गया, लेकिन तब तक कार पानी में जा घुसी।
तालाब में कार डूबने से दो युवकों की मौत हो गई। कार ड्राइव करने वाला युवक मोबाइल में बात करते हुए बाहर खड़ा था। अचानक कार स्टार्ट हो गई और ढलान से होते हुए तालाब में जा डूबी। फिलहाल मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।सोनल ग्वाला, टीआई, खमतराई, रायपुर विभाग

टिप्पणियाँ