जितनी राशि मिली, उससे अधिक खर्च- कोरबा को डीएमएफ में मिले सबसे अधिक 712.63 करोड़ मिले, खर्च हुए 837.53 करोड़, बिलासपुर को मिले 242.07 करोड़ रुपए पर खर्च महज 69.31 करोड़ रुपए हुए
बिलासपुर/ वित्तीय वर्ष 2020 से दिसंबर 2022 तक 28 जिलों काे 4873 करोड़ 83 लाख डीएमएफ में मिले। इस फंड से 35 हजार 281 कार्य स्वीकृत किए गए। इसमें अब तक 3727 कराेड़ 55 लाख ही खर्च हुए हैं। अभी भी 1126.28 करोड़ रुपए डीएमएफ मद में जमा है।
पूरे प्रदेश में कोरबा ही एकमात्र ऐसा जिला है, जहां सबसे अधिक फंड मिला और जितनी राशि मिली, उससे अधिक खर्च हो गए। दो साल में कोरबा को डीएमएफ का 712.63 करोड़ मिले और 837.51 करोड़ खर्च किए गए यानी 124.88 कराेड़ अधिक खर्च किए गए। डीएमएफ के दुरुपयोग और अनियमितता की शिकायतें मिलीं, जिसकी जांच हुई।
यह है नियम
डीएमएफ की राशि शासी परिषद के वार्षिक कार्य योजना के अनुमोदन पर खर्च की जाती है। नियमानुसार उच्च प्राथमिकता के क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति, पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण उपाय, स्वास्थ्य देखभाल, शिक्षा, कृषि एवं अन्य संबद्ध गतिविधियां, महिला एवं बाल कल्याण, वृद्ध एवं निशक्जन कल्याण, कौशल विकास एवं रोजगार, स्वच्छता, जन कल्याण, सतत जीवकोपार्जन एवं अन्य प्राथमिकता में भौतिक अधोसंरचना, सिंचाई, ऊर्जा एवं जल विभाजक विकास, सार्वजनिक परिवहन, सांस्कृतिक मूल्याें को संरक्षण, युवा गतिविधियों को बढ़ावा, मूलभूत सुविधाएं मद में खर्च करने का प्रावधान है।
निगम में डीएमएफ से कराए गए हैं बाेर :
निगम में डीएमएफ से बोर समेत जनहित के कई कार्य कराए गए हैं। बैठकों में जन प्रतिनिधियों के जनहित कार्यों को प्रस्तावाें में शामिल किए जाते हैं।
इन्हें 50 करोड़ से कम फंड मिला
धमतरी को 44.02, महासमुंद को 37.88, बलरामपुर-रामानुजगंज को 48.27, सूरजपुर को 46.83 करोड़ का फंड मिला था।
इन जिलों को 100 करोड़ से कम फंड मिला
कबीरधाम को 54.87, बेमेतरा को 56.99,
मुंंगेली को 61.73, सरगुजा को 51.56 कोरिया को 98.38 और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही को 54.97 करोड़ मिला है।
गड़बड़ी की शिकायत
डीएमफ के कार्यों में अनियमितता की भी शिकायतें हुई है। फिलहाल इस फंड से कराए गए कामों से कहां और कितनी की गड़बड़ी है, इसकी पुष्टि नहीं हुई हैं। जहां-जहां से शिकायतें आई हैं, वहां जांच कराई जा रही है। आरोप लगाया जा रहा है कि अधिकारियों ने इस फंड का मनमाने तरीके से उपयोग किया है।

टिप्पणियाँ