प्रोजेक्ट ब्लूप्रिंट के तहत 45 की उम्र में 18 वर्ष के लग रहे व्यवसायी ब्रायन जॉनसन, जानना चाहेंगे क्या है राज
वॉशिंगटन। ढलती उम्र में जवान होने का सपना हकीकत बनता लग रहा है। 45 साल के सॉफ्टवेयर व्यवसायी ब्रायन जॉनसन की फिटनेस 18 साल के लड़के जैसी हो गई है। डॉक्टरों का कहना है कि जॉनसन का दिल अब 37 साल के युवा और त्वचा 28 साल के युवक जैसी हो गई है। उनके फेफड़े 18 साल के किशोर जैसे हैं, जबकि उनकी पाचनशक्ति 17 साल की उम्र जैसी हो गई है।
2013 में ईबे को 6500 करोड़ रुपए में पेमेंट प्रोसेसिंग कंपनी ब्रेनट्री बेचने वाले ब्रायन जॉनसन अब ऐसे दिखने लगे हैं।
30 डॉक्टर इस पर 1 साल से कर रहे काम
जॉनसन का जैविक उम्र घटाने का सफर अभी जारी है। वे चाहते हैं कि उनके शरीर के सभी अंग 18 साल की जैविक उम्र जैसे हो जाएं। इसके लिए 16 करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च किए हैं। 30 डॉक्टर 1 साल से उनकी जैविक उम्र घटाने पर काम कर रहे हैं। इसे नाम दिया गया है-प्रोजेक्ट ब्लूप्रिंट। डॉक्टरों की टीम का नेतृत्व 29 साल के फिजिशियन ओलीवर जोलमैन कर रहे हैं।
पहले दिखते थे ऐसे
सिर्फ वीगन फूड लेते हैं जॉनसन
डॉक्टर जोलमैन ने जॉनसन के शरीर की जांच की। फिर उनका खानपान और व्यायाम तय किया। जॉनसन का दिन सुबह 5 बजे सप्लीमेंट्स के साथ शुरू होता है। उन्हें लाइकोपीन, जिंक और मेटफॉर्मिन दवाएं दी जाती हैं। दिमाग के विकास के लिए लीथियम दिया जाता है। उन्हें सिर्फ वीगन फूड (बिना डेयरी प्रोडक्ट वाला शाकाहारी खाना) खिलाया जा रहा है। रोज उन्हें 1977 कैलोरी दी जाती है।
वे रोज एक घंटे कसरत करते हैं, जिसमें हाई इंटेंसिटी के तीन सत्र होते हैं। उन्हें ब्लू लाइट रोकने के लिए सोने से 2 घंटे पहले चश्मा पहनाया जाता है। उनका सोने-जागने का समय पूरी तरह निश्चित है। डॉक्टर हर रोज उनका वजन, बीएमआई, बॉडी फैट, ग्लूकोज की मात्रा, दिल की धड़कन व ऑक्सीजन स्तर नापते हैं। महीने में कई बार उनके खून और पेशाब की जांच होती है।
जॉनसन ने पूरी जैविक उम्र 5 साल कम की
एमआरआई, अल्ट्रासाउंड और कोलोनॉस्कोपी भी हर महीने की जाती है। डॉक्टर जौलमैन कहते हैं- मैं खिलाड़ियों और हॉलिवुड कलाकारों का भी इलाज करता हूं, लेकिन कोई भी ब्रायन की तरह समर्पित नहीं है। उन्होंने अपनी पूरी जैविक उम्र 5 साल कम की है। मैं 2030 तक यह साबित करना चाहता हूं कि बायोस्टैटिस्टिक्स के जरिए हमारे शरीर के 78 अंगों की जैविक उम्र 25% तक कम की जा सकती है।
डाइट: सुबह 240 मिलीलीटर पानी के साथ क्लोरेला पॉउडर, अमीनो कॉम्प्लेक्स, क्रिएटीन जैसे सप्लीमेंट्स दिए जाते हैं। दोपहर को उबली हुई 300 ग्राम काली दाल, 250 ग्राम ब्रोकली, 150 ग्राम गोभी, 50 ग्राम मशरूम उबाल कर दी जाती है।
प्रक्रिया में जॉनसन की जान भी खतरे में पड़ गई थी
इस प्रक्रिया में एक बार जॉनसन की जान पर भी बन आई। उनका फैट 3% से भी कम रह गया था और दिल ने काम करना लगभग बंद कर दिया था, लेकिन डॉक्टरों ने वक्त रहते संभाल लिया। उनके चेहरे पर दर्दनाक सुइयां लगाई जाती हैं, ताकि युवा कोशिकाओं का निर्माण हो। उन्हें एक खास तरह के ताप पर भी रखा जाता है। उनकी जीन थेरेपी करने की भी योजना है।


टिप्पणियाँ