भिलाई निगम ने एक बिजली पोल में करीब 41 हजार के दो एलईडी लाइट लगवाई गयी है जबकि देश की नामी कंपनी के उतने ही वॉट और वारंटी के एलईडी लाइट जीएसटी के साथ 4 हजार रुपए बताया जा रहा
भिलाई/ नगर पालिक निगम, भिलाई में ठेका एजेंसी ने एक बिजली पोल में करीब 41 हजार का दो एलईडी लाइट लगाई है। देश की नामी कंपनी के उतने ही वॉट और वारंटी के एलईडी लाइट के संबंध में पूछा गया तो उसका रेट जीएसटी के साथ 4 हजार रुपए बताया जा रहा है। वहीं ठेका एजेंसी ने किसी कंपनी की एलईडी लाइट को 20,579 की दर से लगा दिया है। अधिकारियों ने आनन-फानन में बिल का भुगतान भी कर दिया है। पांच गुना अधिक दर पर एक-एक एलईडी का भुगतान ठेका एजेंसी को अधिकारियों ने क्यों किया। अब यह सवाल उठ रहा है।
5,14,475 रुपए में लगाए 25 एलईडी
खुर्सीपार से अंडा चौक के मध्य सड़क में लगे 15 बिजली पोल पर ठेकेदार ने 25 एलईडी लगाया है। इसमें 10 पोल जो सड़क के मध्य में लगाए गए, उसमें 20 एलईडी लगाए गए हैं। वहीं पांच पोल जो सड़क के किनारे में हैं, उसमें 5 एलईडी लगाए हैं। इस तरह से 25 एलईडी को 5,14,475 रुपए में लगाए हैं।
20 एलईडी कहां लगाए .. ?
निगम ने ठेकेदार से 25 एलईडी खुर्सीपार से अंडा चौक के मध्य 15 पोल में लगवाया। इसके अलावा 20 और एलईडी का हिसाब ठेकेदार ने बिल भुगतान के दौरान दिया है। वह एलईडी कहां लगाए हैं, उसका उल्लेख नहीं है। दो रेट पर एलईडी क्रय किए हैं। 90 वाट का 20 नग एलईडी भी ठेकेदार ने लिया। इसकी कीमत 3,70,000 रुपए बताई गई है।
19 लाख का था काम
नगर निगम ने खुर्सीपार से अंडा चौक तक डिवाइडर पर सड़क बत्ती लगाने का काम 19 लाख में देने निविदा निकाला। इसे ठेकेदार ने कम दर पर 17,94,360 रुपए में लिया। इस रेट को टेंडर कमेटी के सामने पेश किए। शाखा प्रभारी कार्यपालक अभियंता संजय बागड़े के नेतृत्व में टेंडर कमेटी ने दो निविदाकारों के दर को खोला। एल-1 के आधार पर मेसर्स अन्नपूर्णा फर्नीचर एण्ड बिल्डिंग कंट. को स्वीकृति योग्य माना।
बाजार दर से किया जाना था मिलान
ठेकेदार ने दो साल के वारंटी वाले 120 वाट के एक एलईडी का रेट 20,579 रुपए दर्ज किया। बाजार रेट इस वक्त देश की सबसे बड़ी कंपनी में शामिल एक कंपनी का इतने ही वाट और वारंटी वाले एलईडी का दर 3,800 रुपए के अलावा जीएसटी है। इससे पांच गुना अधिक दर वाले को सहमति एसओआर के नाम पर दिया गया। असल में निविदा व क्रय समिति के सामने जब इसे पेश किए, तब उनको काम न्यूनतम दर प्रचलित बाजार दर मिलान कर लेना था। कमेटी ने 18 सितंबर 2020 को उक्त कार्य के लिए 19 लाख की स्वीकृति दी गई। बजट आवंटन के लिए लेखा शाखा भेज दिया गया।
एक पोल लगाया गया 13,304 रुपए का
निगम के अधिकारियों ने 15 पोल लगवाया है। इसमें एक पोल 9 मीटर ऊंचा और 3 एमएम थिकनेस का है। एक पोल की कीमत 13304 रुपए दर्शाई गई है। इस तरह से 15 पोल 1,99,560 रुपए की है।
500 मीटर केबल का किए उपयोग
निगम के पास मौजूद दस्तावेज में दर्ज है कि एजेंसी ने 500 मीटर केबल लगाया है। 165 रुपए मीटर की दर से 82,500 रुपए का केबल उपयोग किए हैं। एमसीबी 154 रुपए की दर से 15 नग लिए हैं। इसकी कीमत 23,010 रुपए पड़ी।
जांच करवा लेते हैं मामले की
रोहित व्यास, आयुक्त, नगर पालिक निगम, भिलाई ने बताया कि खुर्सीपार से अंडा चौक के मध्य लगाए गए पोल और एलईडी के मामले की जांच करवा लेते हैं।

टिप्पणियाँ