सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

साइट इंजीनियर की आंखें बंद, 3.12 करोड़ की लागत से निर्मित सड़क में घटिया गिट्टी खपाने के मामले में जांच टीम पहुंची

बैकुंठपुर। खडग़वां में ३.१२ करोड़ की लागत से निर्मित सड़क में घटिया गिट्टी खपाने के मामले में जांच टीम पहुंची है। निर्माणधाीन सड़क की खुदाई कर सैंपल लेकर जांच करने में जुटी है।

मनेन्द्रगढ़ चिरमिरीभरतपुर जिले में गुड़भेला नाला से सिंघत तक निर्माणाधीन सड़क की गुणवत्ता की जांच शुरू कर दी गई है। निर्माणाधीन सड़क डामरीकरण में घटिया गिट्टी खपाया जा रहा था। मामले में कलक्टर पीएस ध्रुव ने मौका मुआयना के दौरान पकड़ा था। सड़क निर्माण में अमानक गिट्टी के उपयोग पर तत्काल रोक लगाने और मामले की जांच करने निर्देश लोक निर्माण विभाग को दिए थे। वहीं कलक्टर ने मझौली हॉट मिक्स प्लांट में भण्डारित एवं कंटेनर में भरी गिट्टी को प्लांट से हटवाने की कार्रवाई की गई थी। कलक्टर ध्रुव सड़क मरम्मत कार्यों की स्वयं निगरानी कर रहे हैं। सड़क निर्माण की गुणवत्ता देखने लगातार दौरा कर निर्माणाधीन सड़कों की लेयर की मोटाई, उसमें प्रयुक्त मटेरियल की गुणवत्ता और सड़क की चौड़ाई की जांच भी मौके पर करा रहे हैं। गौरतलब है कि कलक्टर ध्रुव खडग़वां विकासखंड में गुड़भेला नाला से सिंघत, दुग्गी से खडग़वां तथा कोरबा से चिरमिरी सड़क निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान गुड़भेला नाला से सिंघत सड़क डामरीकरण में बिछने वाली 19 एमएम मिक्स गिट्टी का पाट्र्स रोलर चलाने से टूटने का मामला सामने आया था। जिससे घटिया गिट्टी के उपयोग पर तत्काल रोक लगाने और सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच निर्देश दिए थे। वहीं ग्राम पंचायत मंझोली स्थित हॉट मिक्स प्लांट पहुंचे और तैयार डामरयुक्त गिट्टी की गुणवत्ता जांची थी। गिट्टी की क्वालिटी अमानक पाए जाने पर प्लांट में रखी गिट्टी को तत्काल हटवाए थे।

इतनी जगह ६० करोड़ की सड़क बन रही

गुड़घेला नाला से सिंघत सड़क निर्माण एवं डामरीकरण 3 करोड़ 12 लाख की लागत से किया जा रहा है। वहीं जिले में लगभग 60 करोड़ की लागत से ग्रामीण सड़कों का निर्माण एवं मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है। जिसमें जनकपुर बाइपास सड़क का निर्माण 3 करोड़ 35 लाख 78 हजार की लागत से बाइपास 1.50 किलोमीटर लंबाई की सड़क बन रही है। वहीं 3.73 करोड़ की लागत से सरभोका से डोंगरीटोला सड़क, 8.09 करोड़ की लागत से पेण्ड्री अटल चौक से मटुकपुर मार्ग, 6.09 करोड़ की लागत से घुटरा से मुसरा मार्ग, 2.19 करोड़ की लागत से केल्हारी चौक से मध्यप्रदेश सीमा तक सड़क बन रही है। साथ ही 5.95 करोड़ की लागत से दुग्गी से खडग़वां, 2.58 करोड़ की लागत से मनेन्द्रगढ़ लेदरी पाराडोल सड़क, 3.34 करोड़ की लागत से लेदरी से गुरचहवा मार्ग, 7.52 करोड़ की लागत से भरतपुर विकासखण्ड के माथमौर से भैसुन सड़क और 4.18 करोड़ की लागत से भगवानपुर से मां चांग देवी मार्ग का निर्माण शामिल हैं।

टिप्पणियाँ