ब्यूरो संवाददाता-इन्देश्वरी परिहार/
पूर्णिया/ बिहार/जिले के गढ़बनैली हाई स्कूल के मैदान पर आयोजित अमर आनंद स्मृति जिला स्तरीय टी 20 क्रिकेट टूर्नामेंट के ट्रॉफी पर स्पार्क इलेवन ने कब्जा जमा लिया। कसबा के गढ़बनैली हाई स्कूल के मैदान पर जीएसए के बैनर तले अमर आनंद स्मृति जिला स्तरीय टी- 20 क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला स्पार्क 11 पूर्णिया तथा पुलिस लाइन पूर्णिया के बीच खेला गया। स्पार्क इलेवन की टीम 31 रनों से मैच जीतकर फाइनल की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। विजेता टीम को जाप संरक्षक सह पूर्व सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव, युवा जिलाध्यक्ष नवीन यादव तथा नगर परिषद मुख्य पार्षद कुमारी छाया व जाप के प्रदेश प्रवक्ता राजेश यादव ने संयुक्त रूप से ट्रॉफी प्रदान की।
इस मौके पर मुख्य अतिथि पूर्व सांसद पप्पू यादव ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खिलाड़ियों तथा युवाओं को अपना अहंकार दानकर सच्चे दिल से समाज और देश की सेवा करनी चाहिए। इस मौके पर पूर्व सांसद सहित सभी अतिथियों ने गढ़बनैली के पूर्व क्रिकेटर सह कमेंटेटर अमर आनंद को श्रद्धांजलि दी। स्पार्क इलेवन की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 186 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाब में उतरी पुलिस लाइन की टीम स्पार्क इलेवन की सधी हुई गेंदबाजी के सामने 8 विकेट के नुकसान पर 155 रन ही बना सकी। फाइनल मैच में अच्छे प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार शिखर को दिया गया जबकि मैन ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार ओझा को मिला । मैच में निर्णायक की भूमिका रॉबिन कुमार व किशोर दास ने निभाई।

टिप्पणियाँ