प्रधानमंत्री योजना के जरिए बनाई गई सड़कें हाथ में आ गई, 1 करोड़ की सड़क, कन्हारी-छितपुरी तक पूरी जर्जर है सड़क
कवर्धा।
ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा देने प्रधानमंत्री योजना के जरिए सड़कें बनाई जा रही हैं। लेकिन गुणवत्ताहीन निर्माण के चलते इनके टिकने के आसार नहीं दिख रहे। ताजा मामला बोड़ला ब्लॉक के ग्राम कन्हारी से छितपुरी तक करीब 6.5 किलोमीटर लंबी सड़क पर कई जगह डामर-गिट्टी की परत उखड़ने लगी है। दावा तो यह है कि नवनिर्मित यह सड़क 12 टन तक वजन ढो सकती है, लेकिन हाथ लगाने से सड़क उखड़ रही है। इसकी वीडियो रिकॉर्डिंग कर ग्रामीणों ने सोशल मीडिया पर भी वायरल किया है।
गुणवत्ताहीन सड़क निर्माण को लेकर ठेकेदार और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अफसरों के क्रियाकलापों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। जानकारी के मुताबिक कन्हारी से छितपुरी तक करीब 1 करोड़ रुपए की लागत से 6.5 किलोमीटर लंबी सड़क बनी है। सड़क निर्माण को कुछेक दिन ही हुए हैं, लेकिन गुणवत्ताहीन निर्माण के चलते सड़क से डामर-गिट्टी पपड़ियां बनकर उखड़ रही है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने इस सड़क की जांच रिपोर्ट देखने की बात कही है। निर्माण में कमी मिलने पर संबंधित ठेकेदार से उन कमियों को दूर करने की बात कही है।
67 सड़कों के लिए 78.97 करोड़ रुपए मंजूर
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क निर्माण में लगातार गड़बड़ी सामने आ रही है। इसे लेकर निर्माणाधीन सभी सड़कों की जांच जरूरी है। जानकारी के मुताबिक जिले में पीएम ग्राम सड़क योजना अंतर्गत वर्ष 2022-23 में 67 सड़कों के नवीनीकरण के लिए 78.97 करोड़ रुपए मंजूर हुआ है। इन सड़कों की कुल लंबाई 252.975 किलोमीटर है। इसके अलावा बीते वर्ष स्वीकृत 15 सड़कों के निर्माण के लिए 738.33 लाख रुपए की पुनर्निविदा के बाद स्वीकृति मिली है। इन सड़कों की लंबाई 43.77 किलोमीटर है। अधिकांश सड़कें निर्माणाधीन हैं। इन सड़कों की जांच का जिम्मा पीएम सड़क योजना के इंजीनियर्स की है। लेकिन वे नियमित मॉनिटरिंग नहीं कर रहे हैं।
2 इंच डामरीकरण होना था, आधे से भी कम में काम
टेंडर के मुताबिक इस सड़क पर डामर की मोटाई 2 इंच तक होना था। लेकिन ठेकेदार ने अनियमितता कर आधे से भी कम डामरीकरण किया। निर्माण के दौरान सड़क पर गड्ढों में मुरूम और पानी डालकर रोलर से बराबर नहीं किया। अब निर्माण के तुरंत बाद ही सड़क उखड़ने लगी है।
इसकी जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए- ग्रामीण
कन्हारी से छितपुरी तक बने 6.5 किमी लंबी इस सड़क से 4 गांव के लोगों को सुविधा मिलती। घटिया सड़क से ग्रामीण आक्रोशित हैं। ग्राम कोयलार झोरी के ग्रामीणों ने गुणवत्ताहीन इस सड़क की जांच करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने व सड़क के दोबारा निर्माण करने की मांग की है।
चार दिन पूर्व भी सड़क निर्माण में गड़बड़ी आई थी सामने
चार दिन पहले कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने इंदौरी के नहर मुख्य मार्ग से खपरी पहुंच मार्ग तक 60 लाख की लागत से निर्माणाधीन पीएम सड़क की जांच की थी, जिसमें गड़बड़ी सामने आई थी। उक्त सड़क पर डामरीकरण की औसत मोटाई 20 एमएम होना चाहिए था, लेकिन पीएम ग्राम सड़क के अफसरों ने ठेकेदार से मिलीभगत के चलते इस पर 10 एमएम की परत ही बिछवा दी। इस पर एसडीओ त्रिवेणी गजेंद्र, सब- इंजीनियर अश्वनी ठाकुर को नोटिस दिए थे।

टिप्पणियाँ